Pages

Wednesday, 27 July 2016

श्रावण मास के अष्टमी के दिन चौकियां में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर पकवान रखकर महिलाओं ने की पूजा-पाठ
जौनपुर (सं.) 27 जुलाई। पूर्वांचलवासियों के आस्था एवं श्रद्धा की प्रतीक मां शीतला चौकियां धाम में बुधवार को भक्तों की जबर्दस्त भीड़ उमड़ी। भक्तों ने इस दौरान माता रानी के दरबार में मत्था टेककर विधि-
जौनपुर के मां शीतला चौकियां धाम में बसिअउरा के दिन पूजा
करने के लिये उमड़ी भक्तों की भीड़ एवं इनसेट में माता रानी।
छाया- तेजस टूडे
विधान से पूजा-पाठ किया। इस दौरान लगने वाले जयकारों से पूरा वातावरण देवीमय हो उठा। आज के पूजन की मान्यता है कि पवित्र श्रावण मास का अष्टमी है। आज के दिन घर की महिलाएं पूड़ी, गुलगुला, हलुआ, उड़द की दाल, चावल आदि बनाकर घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर मिट्टी की 5 कंकड़, अबीर, रोरी, माला, फूल रखकर चढ़ाती हैं। इस पूजा को भोजपुरी में बसिअउरा कहा जाता है। इसी पूजन के उपलक्ष्य में शीतला चौकियां धाम में आज तड़के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी जहां माता रानी के पट्ट खुले ही लोग दर्शन-पूजन करने लगे। घण्टे-घड़ियालों की गूंज के बीच भक्तांे द्वारा माता रानी का जयकारा लगाया गया। इसके बाद माता रानी के मंदिर के पीछे स्थित सरोवर के किनारे घर की तरह कंकड़ रखकर अबीर, गुलाल, रोरी, रक्षा, माला, फूल के साथ पकवान रखकर पूजा-पाठ किया गया। शीतला चौकियां धाम के अलावा अन्य देवी मंदिरों पर भक्तों की भीड़ देखी गयी।

Tuesday, 26 July 2016

कुश्ती के खेल में हो रहा शर्मनाक खेल

डा. ब्रजेश यदुवंशी
कुश्ती के साथ बेईमानी का सम्बन्ध पुराना रहा है। हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद रियो ओलम्पिक में जाने की तैयारी कर रहे 74 किलोग्राम भार वर्ग के पहलवान नरसिंह यादव के साथ रविवार को जो हुआ, वह पूर्वांचल के
पहलवानों को पच नहीं रहा है। बाद में मीडिया के सामने आने पर नरसिंह ने यह साफ भी कर दिया कि उसके साथ साजिश की जा रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संसदीय क्षेत्र के निवासी नरसिंह के साथ आज जो हो रहा है, वह ठीक नहीं है। देश का नेतृत्व करने ओलम्पिक में जा रहे पहलवान के साथ वास्तव में गम्भीर साजिश रची जा रही है। हरियाणा व दिल्ली के पहलवानों और कोचों का साजिशों व कुश्ती के दौरान बेईमानी करने के मामले कई बार प्रकाश में आये है। अंतरराज्यीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में जब कुश्ती के दौरान उनका पहलवान जीत रहा होता है तो वे लोग समय कम करवा लेते हैं। यदि उनका पहलवान हार रहा है तो समय बढ़ा लेते हैं। वे लोग ऐसा इसलिए कर लेते हैं कि अधिक से अधिक कोच, आफिसियल वही लोग रहते हैं। कुश्ती जैसे खेल में जो खेल चल रहा है, वह शर्मनाक है और इसकी जितनी भी निंदा की जाय, वह कम है। हालांकि मामले को गम्भीरता से लेते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पीएमओ कार्यालय ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही अधिकारियों से भी इस मामले की पूरी रिपोर्ट जल्द से जल्द देने को कहा है।
बात कुश्ती प्रतियोगिताओं में हुई बेईमानियों की करें तो इसमें कुछ ऐसी पोजिशनें आती हैं कि रेफरी, जज व मैट चेयरमैन में से यदि दो लोग जिस पहलवान को जिताना चाहते हैं, उसके पक्ष में दो अंक के जगह 4 अंक भी दे देते हैं। जब खेल में इस तरह के खेल होते हैं तो खिलाड़ी का मनोबल टूट जाता है और वह खेल को खेल भावना से नहीं खेल पाता। पूरे देश के सभी कोच, सभी पहलवान व समस्त पदाधिकारी जानते हैं कि नरसिंह पहलवान के मैटर में सच्चाई क्या है? जैसे पुराने समय में भी बड़े-बड़े पहलवानों को जुलाब की घुट्टी तक पिला दिया गया था और मारने, धमकाने जैसा काम भी होता रहा है, इसलिए डोपिंग जैसी घृणित कार्य भी कराया जा सकता है। पूर्वांचल के जो भी पहलवान दिल्ली में पहलवानी करने जाते हैं, उन्हें तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता है कि वे यहां से भाग जाय और अच्छे पहलवान न बन सकें। मेस स्टाफ को मिलाकर उनके खाने पीने की चीजों में शक्तिवर्धक दवा दी गयी हो, ऐसा भी ही है।
डब्ल्यूएफआई के अधिकारी के मुताबिक नरसिंह ने अगर डोपिंग की होती तो वह हाल ही में स्पेन में टूर्नामेंट में भाग लेने क्यों जाते? अमूमन किसी पहलवान का महीने में एक बार डोप टेस्ट होता है लेकिन नरसिंह का 3 बार टेस्ट लिया गया। पहला 2 जून, फिर 25 जून और उसके बाद 5 जुलाई। इससे और शक बढ़ जाता है। जब मई में यहां कैम्प लगा था तो हरियाणा सीआईडी के रिपोर्ट के आधार पर नरसिंह पर हमले की आशंका जतायी थी। ऐसे में कोई शक्तिवर्धक खाना में मिलाया ही जा सकता है। नरसिंह के डोप टेस्ट में फेल होने में पूरी साजिश नजर आ रही है, क्योंकि उनके साथ अभ्यास करने और भोजन करने वाले एक अन्य पहलवान जौनपुर के मूल निवासी संदीप तुलसी यादव भी डोप टेस्ट में फेल हो गये हैं। डब्ल्यूएफआई के अधिकारी ने कहा कि संदीप ने ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई भी नहीं किया था तो वह डोपिंग क्यों करेगा? वह भी नरसिंह के साथ रहते थे और भोजन करते थे, इसलिए वह भी डोपिंग में फंस गये। यानी जो साजिश नरसिंह के साथ रची जा रही थी, उसका शिकार संदीप भी हो गये। इधर रसोइये द्वारा यह स्वीकार कर लेना कि मेस में कोई आया था और भोजन में मिलाकर फरार हो गया और वे लोग उसे पकड़ नहीं पाये। इससे स्पष्ट होता है कि इसकी पीछे गहरी साजिश रची गयी है।
फिलहाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा मामले को संज्ञान में लेकर की जा रही तेजी से कार्यवाही से स्थिति साफ हो जाएगी। उम्मीद जतायी जा रही है कि जल्द ही डोप के रिपोर्ट के बाद नरसिंह के ओलम्पिक में जाने की रास्ता साफ हो जायेगा। कुल मिलाकर नरसिंह पहलवान एक बड़ी साजिश के शिकार हुये हैं और इसके पीछे जिस किसी का भी हाथ था, उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की जरुरत है, ताकि इस लेवल के खिलाड़ियों के साथ ऐसा घिनौना खेल न हो सके।
(लेखक वरिष्ठ साहित्यकार एवं स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

सदन में गूंजा बच्ची के साथ दिल्ली में रेप का मामला

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चार साल की एक बच्ची के साथ क्रूरतापूर्वक बलात्कार किए जाने का मामला आज सदन में गूंजा. इस घटना की आज राज्यसभा में कडी निंदा की गई. सांसदों ने आरोपी के खिलाफ
कठोर कार्रवाई की मांग की. सदन की बैठक शुरू होने पर राज्यसभा में द्रमुक की कनिमोई और सपा की जया बच्चन ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि गंभीर रुप से घायल पीडित अस्पताल में है. कनिमोई ने कहा कि इस घटना से पीडित को जो मानसिक आघात पहुंचा है उससे वह आजीवन नहीं उबर पाएगी. उन्होंने कहा ‘‘यह एकमात्र घटना नहीं है. देश भर में बच्चियों से बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं. दुख की बात यह है कि हम इन घटनाओं के प्रति अधिक संवेदनशील नहीं हैं. कनिमोई ने सरकार से आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा ‘‘हमें ऐसे मामलों से निपटने के लिए कठोर कानूनों की जरुरत है. जया बच्चन ने कहा कि पिछले कुछ सत्रों के दौरान उन्होंने ऐसी घटनाओं पर चर्चा के लिए कई बार नोटिस दिए लेकिन उनके नोटिस स्वीकार ही नहीं किए गए. ‘‘हम हर तरह की ज्यादतियों के बारे में चर्चा करते हैं लेकिन उन ज्यादतियों के बारे में चर्चा नहीं करते जो महिलाओं से संबद्ध होती हैं. घटना पर दुख जाहिर करते हुए उप सभापति पी जे कुरियन ने सहमति जताई कि अत्यंत कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से कहा ‘‘यह सुनिश्चित करें कि कठोर कार्रवाई की जाए और इस मामले में जो भी कदम उठाएं उसके बारे में सदन को सूचना दें. नकवी ने कहा कि सरकार इस घटना की कठोर शब्दों में निंदा करती है और दोषी के खिलाफ कानून के कठोर प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी. जया ने जानना चाहा कि सरकार आखिर क्या कार्रवाई करेगी. उन्होंने जब बहस के लिए जोर दिया तब कुरियन ने उन्हें फिर से नोटिस देने को कहा. कुरियन ने कहा ‘‘आप चर्चा के लिए नोटिस दीजिये. उस पर सभापति विचार करेंगे। (यूएनएस)

सुरक्षाबलों ने चार पाकिस्तानी आतंकियों को किया ढेर

श्रीनगर। कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आज चार आतंकवादियों को मार गिराया है. सेना ने मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को जिंदा पकड़ लिया है. इस आतंकी
का संबंध आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से हैं. जिंदा पकड़ा गया आतंकी पाकिस्तान के लाहौर का रहने वाला है. इस संबंध में गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि यह हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है. कश्मीर में जिंदा पकड़े गये आतंकी से पाकिस्तान को करारा जवाब देने में मदद मिलेगी और हम एक बार फिर पड़ोसी मुल्क को एक्सपोज कर सकेंगे. इस संबंध में जानकारी देते हुए सेना ने कहा कि ये आतंकी नौगाम सेक्टर से घुसे थे जिसकी सुरक्षाबलों से मुठभेड़ हो गई. हमें इनके घुसपैठ की खुफिया जानकारी पहले से ही थी. इस मुठभेड़ ने सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों को मार गिराया गया है जबकि एक आतंकी को जिंदा पकड़ा गया है जिससे पूछताछ जारी है. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये आतंकी पाकिस्तानी थे. जिंदा पकड़ा गया आतंकी लाहौर का निवासी है. सेना ने बताया कि इन आतंकियों का संबंध लश्घ्कर-ए-तायबा से है। (यूएनएस)

यूपी चुनाव में अकेले दम पर मैदान में कूदेंगे मांझी

पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव के मैदान में लड़ेगी. जीतन राम मांझी ने कहा कि यूपी चुनाव में उनकी पार्टी भाजपा का
साथ नहीं देगी. उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही यूपी का दौरा भी शुरू करेंगे.एनडीए के साथ बिहार में चुनाव लड़ने वाले जीतन राम मांझी ने उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा से बातचीत नहीं होने के बाद यह फैसला लिया है. जीतन राम मांझी के अनुसार यूपी के गोरखपुर से बनारस तक कई जगह से उन्हें आमंत्रण आ रहा है. प्रदेश के अन्य कई हिस्सों के साथ ही पूर्वांचल की तरफ से भी उन्हें कई प्रस्ताव आ रहे हैं. उनके अनुसार 30 जुलाई को पटना में हम की कोर कमेटी की अहम बैठक होगी. जिसमें आगे की रणनीति तय की जायेगी. पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने कहा कि पार्टी यूपी में चुनाव की संभावना को देख रही है. मालूम हो कि यूपी के चुनाव को लेकर नीतीश कुमार भी अब तक लगभग आधा दर्जन चुनावी सभाएं कर चुके हैं. वहीं भाजपा ने भी यूपी चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने को लेकर तैयारी तेज कर दी है। (यूएनएस)

मोतिहारी के तेतरिया खैरवा में तनाव, ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को फूंका

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण के तेतरिया खैरवा में पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच टकराव की खबर है. प्राप्त सूचना के मुताबिक इस दौरान गुस्साई भीड़ ने पुलिस जिप्सी को आग के हवाले कर दिया. ग्रामीणों ने पुलिस
पर फायरिंग का आरोप लगाया है. तनाव को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये है. किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है. जानकारी के मुताबिक इलाके में किसी बात को लेकर दो संप्रदायों के बीच तनाव की खबरें मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच भिड़ंत होने की सूचना है. बताया जाता है कि पुलिस फायरिंग में चार ग्रामीण घायल हो गये. इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों की साइकिल को आग के हवाले कर दिया. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की जिप्सी को फूंक दिया. ग्रामीण पुलिस अधिकारी पर फायरिंग का आरोप लगा रहे है. इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई हैं. उधर, एसपी जितेंद्र राणा ने फायरिंग की बात स्वीकारी है. हालांकि ग्रामीणों के घायल होने की बात को उन्होंने अफवाह बताया है। (यूएनएस)

धरने पर बैठे पूर्वांचल कैम्पस के शिक्षक

सेवा वितरण पांच साल न करने का मामला
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में संविदा शिक्षकों का सेवा वितरण पाँच साल का कुलपति द्वारा नहीं दिया जा रहा है जबकि शासनादेश में पाँच साल के सेवा वितरण का प्रावधान है। कुलपति साक्षात्कार
लेने के बाद ही कार्यकाल बढ़ाने पर अड़े है जबकि पहले से संविदा पर कार्य कर रहे शिक्षक कुलपति के नये आदेश को न मानने पर अड़े हुए है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को संविदा पर कार्यरत शिक्षक धरने पर बैठ गये और जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। गौरतलब हो कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शिक्षकों का सेवा वितरण न बढ़ाये जाने का मामला तूल पकड़ लिया है। कुलपति ने कार्य समिति की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से रखकर पास कराने के पक्ष में है जबकि संविदा पर शिक्षक कुलपति के किसी भी नये आदेश को मानने को तैयार नहीं है। शिक्षकों का कहना हैं कि जिन संविदा शिक्षकों की तैनाती साक्षात्कार के बाद की गई है और शासनादेश में सेवा वितरण पाँच साल तक करने का प्रावधान है तो इन शिक्षकों का दोबारा साक्षात्कार लेने का क्या औचित्य है। सूत्रों की मानें तो कुलपति साक्षात्कार लेकर सेवा वितरण बढ़ाने के पक्ष में इसलिए है कि कुछ नये शिक्षकों को रखा जाय और पहले से संविदा पर कार्य कर रहे कुछ शिक्षकों की छुट्टी कर दी जाय लेकिन शिक्षक कुलपति के इस रणनीति को सफल न होने देने के लिए संकल्प ले चुके हैं और इसी संकल्प के साथ मंगलवार को परिसर में धरना शुरू कर दिया है।