Pages

Friday, 13 May 2016

जब डीएम ने किया दिव्यांग प्रमाण-पत्र कैम्प का निरीक्षण

जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने विकास खण्ड बक्शा में लगाये गये दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने वाले स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी आरपी सिंह को दिव्यांगों के बैठने, उनके प्रमाण पत्र बनवाने एवं मौके पर ही प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चिकित्सकों सहित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके पर उपस्थित लोगों का प्रमाण-पत्र बनाकर दिया जाय। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डा कुशवाहा, डा. पंकज तिवारी, डा. एससी वर्मा, डा. आरके यादव, डा. ओपी सिंह, डा. एके कन्नौजिया की टीम द्वारा प्रमाण पत्र बनाया गया। इसके पहले मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरके पोरवाल ने कैम्प का जायजा किया जहां जिला जन विकलांग कल्याण अधिकारी राजेश सोनकर ने बताया कि जो भी लाभार्थी पहले प्रमाण पत्र बनवा चुके हैं, उन्हें पुनः बनवाने की आवश्यकता नहीं है। अन्त में जिलाधिकारी श्री गोस्वामी ने बताया कि 16 मई को विकास खण्ड बदलापुर में प्रातः 8 बजे से कैम्प लगाया जायेगा।

कूंग फू खिलाड़ियों ने जीता 3 स्वर्ण सहित 14 पदक

जौनपुर। सावलिन कूंग फू एसोसिएशन आफ उत्तर प्रदेश के महासचिव प्रदीप कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि महाराष्ट्र के अहमदनगर के शेबगांव में बीते 8 से 10 मई तक चली 14वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने जलवा बिखेर दिया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 6 रजत एवं 5 कांस्य पदक जीत करके पदक तालिका में उत्तर प्रदेश को दूसरा स्थान दिलाया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में गुड़िया, रीमा, नागेन्द्र, दीप नारायण, गौरव कुमार, सुमन जैसल, उदय प्रताप, सीमा निषाद, चन्दन कुमार, अमित कुमार, संतोष कुमार, अभिजीत कुमार, सौरभ यादव, नीरज कुमार के अलावा मनीष कुमार, विजय प्रताप राम, गोविन्द कुमार, सुनील प्रजापति हैं। प्रतियोगिता के एक्जुभिसन एसेंट डायरेक्टर प्रदीप कुमार, कोच कृष्ण कुमार और मैनेजर अजय कुमार थे।

स्वच्छ गोमती अभियान ने आयोजित की ‘जल व नदी संरक्षण’

जौनपुर। नगर से सटे लखनपुर गांव में स्थित एक विद्यालय पर स्वच्छ गोमती अभियान की ओर से ‘जल व नदी संरक्षण’ गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस मौके पर अध्यक्ष गौतम गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में जो परिस्थितियां हैं, वह दिन दूर नहीं जब पूरा देश लातूर जैसी समस्या से गुजरेगा। इसी क्रम में मुख्य वक्ता शिक्षक नेता डा. राजेश सिंह के अलावा अन्य लोगों ने अपना विचार व्यक्त करते हुये पानी की महत्ता पर प्रकाश डाला। अन्त में महामंत्री विकास शर्मा ने कहा कि धरती पर 70 प्रतिशत जल है किन्तु पीने योग्य मात्र 2 प्रतिशत ही है जिसका कारण पानी का दुरूपयोग है। कार्यक्रम का संचालन अलविरा अख्तर व प्राचार्या संगीता मेहरोत्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अंकित सिंह, सलमान शेख, प्रिंस शाह, राजेन्द्र, संजय, बृजेश, ओंकार सहित अन्य उपस्थित रहे।

व्यापारियों ने किया राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत

जौनपुर पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल का
स्वागत करते उद्योग व्यापार मण्डल के पदाधिकारीगण।
जौनपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल की अगुवाई में व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल का जौनपुर पहंुचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर श्री बंसल ने कहा कि व्यापारी इस देश की अर्थव्यवस्था की धुरी है और यही वर्ग सबसे ज्यादा अपराधियों के निशाने पर रहता है। व्यापारियों की इसी पीड़ा को समझते हुये मुख्यमंत्री ने व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन किया जो व्यापारी की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा के लिये बनाया गया है। इसी क्रम में जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि हम व्यापारी उत्तर प्रदेश की सरकार के इसलिये शुक्रगुजार हैं, क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने मुख्यमंत्री से व्यापारियों के संदर्भ में जो भी मांग की है, इस सरकार ने सभी माना है। इसके अलावा युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह, युवा नगर अध्यक्ष आलोक सेठ सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किया। इस दौरान टैक्सेशन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत गुप्ता एडवोकेट की अगुवाई में वाणिज्य कर विभाग की प्रस्तावित भूमि खण्ड एवं खराब सर्वर के बारे में ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर निजामुद्दीन अंसारी, हेम सिंह, इरफान मंसूरी, रंजीत सोनकर, राजेश यादव, सुशील गुप्ता, कृष्ण कुमार यादव, विजय केडिया, प्रदीप सिंह, मो. दानिश, जावेद सिद्दीकी, नितिन सेठ, धर्मेन्द्र सिंह, पवन मोदनवाल, मुकेश यादव, विनोद उमर, सुरेन्द्र जायसवाल के अलावा व्यापार मण्डल के तमाम लोग उपस्थित रहे।




डा. यदुवंशी बनाये गये यादव महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष

राष्ट्र की मुख्य धारा से जुड़कर काम करें युवाः डा. ब्रजेश यदुवंशी

जौनपुर। पिछले कई वर्षों से यादव समाज के लिये संघर्षरत रहने वाले डा. ब्रजेश यदुवंशी को अखिल भारतीय यादव महासंघ के युवा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया
गया। यह मनोनयन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजीत सिंह यादव द्वारा किया गया है। मालूम हो कि डा. यदुवंशी जौनपुर-वाराणसी मार्ग पर स्थित जलालपुर के पास सेहमलपुर गांव के मूल निवासी हैं। श्री यादव इसके पहले अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश महासचिव सहित अन्य पदों पर रहकर महासंघ व समाज की सेवा करते चल आ रहे हैं। स्वजातीय बंधुओं के लिये नयी जिम्मेदारी मिलने पर डा. यदुवंशी ने कहा कि पूरे देश में महासंघ को और मजबूती प्रदान किया जायेगा। इसके लिये हर प्रान्तों व जनपदों में संगठन को खड़ा किया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने अपील किया कि समाज के नौजवान राष्ट्र की मुख्य धारा से जुड़ने का काम करें। वहीं जौनपुर जैसे छोटे जिले के डा. यदुवंशी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की जानकारी होने पर उनके शुभचिंतकों ने खुशी जतायी है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के युवा जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना, वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महासचिव श्रवण जायसवाल, ब्राह्मण महासभा के अजय पाण्डेय, आशीष शुक्ला, क्षत्रिय महासंघ के अजय सिंह, प्रजापति महासभा के संजय प्रजापति, जायसवाल समाज के रामजी जायसवाल सहित अन्य जातिगत संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि डा. यदुवंशी को महासंघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने से सभी जातियों में समन्वय का काम होगा।

Thursday, 12 May 2016

मानव सेवा का सबसे अच्छा माध्यम है नर्स का कार्य

जेएनटी नर्सेस एण्ड पैरामेडिकल साइंसेस में मनाया गया ‘वर्ल्ड नर्सिंग डे’
जौनपुर। जेएनटी नर्सेस एण्ड पैरामेडिकल साइंसेस बांसदेव पट्टी, शीतलगंज, मड़ियाहूं में गुरूवार को वर्ल्ड नर्सिंग डे मनाया गया जहां विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस मौके पर जहां मिस फ्लोरेन्स नाइटिंगेल को याद किया गया, वहीं उपस्थित लोगों ने सेवा की शपथ लिया। इस दौरान इन्स्टीट्यूट के प्रबन्धक डा. विनय तिवारी ने बताया कि स्टाफ नर्स के क्षेत्र में नाइटिंगेल का सेवा व समर्पण अद्वितीय है। स्टाफ नर्स का कार्य मानव सेवा करने का सबसे अच्छा व सशक्त माध्यम है। इसके पहले श्री तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जिसके बाद मैनेजर योगेश शुक्ला ने उपस्थित आगंतुकों का स्वागत करते हुये सभी के प्रति आभार जताया। इसी क्रम में छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना व स्वागत गीत के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके अलावा अन्य वक्ताओं ने नाइटिंगेल द्वारा नर्सिंग के क्षेत्र में दिये गये उत्कृष्ट योगदान पर चर्चा किया। इस दौरान हीरो होण्डा कम्पनी द्वारा कैम्पस सलेक्शन हुआ जिसमें 65 बच्चों का चयन हुआ। इस अवसर पर तमाम सम्बन्धित लोगों की उपस्थिति रही।

बारात आने वाली थी, पिता मरने की सोच रहा था

शिव सेवा संस्थानम् ने लाचार पिता के पुत्री की करवायी शादी
लोगों ने पीड़ित को दिया नगदी समेत दहेज का सामान, खाद्यान्न 
जौनपुर। रात मंे बिटिया के लिये घर पर बारात आने वाली हो और उसी बेटी का पिता उसी सुबह मरने की सोच रहा हो तो जाहिर है कि वह किसी गम्भीर समस्या से पीड़ित होगा। ऐसा है पीड़ित व्यक्ति नगर के सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित सैदनपुर निवासी पप्पू मौर्या है जिसके घर रात में बेटी की बारात आने वाली थी और वह सुबह शाही पुल के पास बैठकर आत्महत्या की सोच रहा था। फिलहाल यहां शिव सेवा संस्थानम् के साथ आस-पास के आभूषण व्यवसाइयों ने मदद के लिये हाथ बढ़ा दिया। मालूम हो कि पप्पू मौर्या नगर के चहारसू चौराहे के पास रोते हुये मिला जिसको देखकर काफी लोग जुट गये जहां पूछने पर उसने बताया कि उसके पास 3 लड़की व 2 लड़के हैं जिन्हें वह मेहनत-मजदूरी करके पढ़ा-लिखा रहा है। सामाजिक रीति-रिवाज को देखते हुये वह अपनी बड़ी पुत्री की शादी तय कर दिया लेकिन परिस्थितियां उसके विपरीत हो गयीं। इससे वह हताश होकर आज आत्महत्या करने के लिये घर से निकला है। इस पर तूतीपुर निवासी कन्हैया सेठ व प्रदीप ने सारी स्थिति को समझते हुये शिव सेवा संस्थानम् के संस्थापक स्वामी अम्बुजानन्द जी महाराज को बताया जिस पर कुछ लोग सैदनपुर जाकर पप्पू मौर्या की स्थिति का जायजा लिये। स्थिति सही पाये जाने पर स्वामी जी के नेतृत्व में अध्यक्ष विमल सिंह, कन्हैया सेठ, चन्दन सेठ, सूरज सेठ, मनीष सेठ, पवन शर्मा, विजय चौरसिया, सुमित साहू सहित अन्य कार्यकर्ता व आभूषण व्यवसायी पीड़ित की पुत्री की शादी का सारा खर्च उठा लिये। बीती रात को शादी सकुशल सम्पन्न हो गयी जहां उपरोक्त के अलावा राधेश्याम सेठ, राम पलट मौर्य, अजय सेठ, अरविन्द सेठ, गुड्डू सेठ, शशांक श्रीवास्तव, अनमोल साहू सहित अन्य ने अपना सहयोग प्रदान किया। एक लाचार व निरीह पिता के पुत्री की शादी ऐन वक्त पर खड़े होकर कराने वाली संस्था शिव सेवा संस्थानम् सहित आभूषण व्यवसाइयों के इस कदम की चहुंओर चर्चा है।